
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत सिदगोड़ा बाज़ार में बुधवार की रात सिटी एसपी सुभाष चन्द्र जाट के नेतृत्व में जुआ अड्डे में छापेमारी की गई. जुआ अड्डा में पुलिस को देखते ही जुआ खेलने आए लोगों में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मौके से 11 लोगों को हिरासत में लिया. हिरासत में लिए गए लोगों के पास से पुलिस ने 5800 रुपए और 11 मोबाइल जब्त किया है. इस संबंध में सिदगोड़ा थाना प्रभारी मनोज ठाकुर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिदगोड़ा बाज़ार में जुआ अड्डा संचालित हो रहा है, जिसके बाद सिटी एसपी सुभाष चन्द्र जाट के नेतृत्व में उनकी टीम ने रात 8 बजे छापेमारी की और मौके से 11 लोगों को हिरासत में लिया गया. हालांकि जुआ अड्डा का संचालन कौन कर रहा था, इसकी जांच पुलिस कर रही है. हिरासत में लिए गए सभी लोगों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.






