
जमशेदपुर: कोरोना महामारी के दौर में राज्य के सबसे बड़े निजी अस्पताल टाटा मुख्य अस्पताल में हुए मौत मामले की जांच को लेकर रांची से एक टीम गुरुवार को शहर पहुंची. जो सीधे डेटा के आधार पर मृतकों के घर- घर जाकर उनके परिजनों से पूछताछ कर एक रिपोर्ट तैयार कर रही है. इसके अलावा टीम टाटा मुख्य अस्पताल के आंकड़ों से मिलान कर रही है. टीम में रांची से डॉ गणेश माथुर एवं जमशेदपुर जिला सर्विलांस पदाधिकारी डॉक्टर साहिर पाल के अलावा अन्य डॉक्टरों की टीम शामिल है. इस संबंध में रांची से पहुंचे डॉ गणेश माथुर ने बताया, कि जांच में मृतकों के परिजनों से पूछताछ के क्रम में यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि उनके परिजनों की मौत कैसे हुई. उन्हें किन- किन परेशानियों का सामना करना पड़ा. मृतकों की उम्र क्या थी. अस्पताल का व्यवहार कैसा था. सही समय पर चिकित्सा सुविधा मिली या नहीं मिली इसका रिपोर्ट तैयार किया जा रहा है. गौरतलब है, कि राज्य का सबसे बड़ा निजी अस्पताल होने के नाते सबसे अधिक मौत भी इसी अस्पताल में हुई है. इसको लेकर कुछ सवाल भी खड़े किए गए थे. जिसके बाद यह जांच कराया जा रहा है. हालांकि इस पर कार्रवाई क्या होगा यह बताना अभी संभव नहीं है.




