जमशेदपुर : जमशेदपुर में रैपीडो चालकों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है. चालकों का कहना है कि कंपनी द्वारा लगातार पेमेंट घटाया जा रहा है जिससे उनका रोजगार चलाना मुश्किल होता जा रहा है. रैपीडो चलाकर अपनी रोजी-रोटी कमाने वाले ड्राइवरों ने बताया कि एक ओर जहां वे लोगों को सस्ती और आसान यात्रा सुविधा दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें मिलने वाला किराया लगातार कम किया जा रहा है. हालत यह है कि कई बार एक ट्रिप में उन्हें लगभग ₹40 तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है. चालकों का यह भी कहना है कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने उनकी आर्थिक स्थिति को और कमजोर कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा वाहन की किस्त, मेंटेनेंस और अन्य खर्चों को निकालना भी उनके लिए दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है. चालकों ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही उनके पेमेंट में सुधार नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से विरोध करेंगे और जरूरत पड़ने पर ओला की तरह रैपीडो की सेवा को भी जमशेदपुर में बंद कराने का कदम उठा सकते हैं.



