जमशेदपुर : टाटा समूह के अंतरिम चेयरमैन रतन टाटा का जन्मदिन इस बार विशेष रूप से मनाया जा रहा है. बुधवार को उनका जन्मदिन है. इस मौके को खास बनाने के लिए मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित टाटा वर्कर्स यूनियन सभागार में शहर के युवा कलाकारों ने ‘भारत रत्न-2’ एलबम रिलीज किया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी उपस्थित थे. उन्होंने कहा कि रतन टाटा पूरे देश के लिए महान विभूति हैं. शहर के कलाकारों ने उनपर गीत बनाकर पूरे देश में एक अच्छा संदेश देने का कार्य किया है. उम्मीद है इस गीत को काफी पसंद किया जाएगा. उन्होंने कहा कि रतन टाटा जैसी महान विभूति को भारत रत्न मिलना चाहिए. वहीं, इस गीत को गाने वाले चर्चित गायक अजीत अमन ने बताया कि देश के निर्माण में रतन टाटा का महत्वपूर्ण योगदान है. ऐसे में उनका जन्मदिन खास एक अंदाज में मनाया जा रहा है. इस मौके पर ‘भारत रत्न-2’ एलबम को रिलीज किया गया है और इसके माध्यम से उन्हें भारत रत्न देने की मांग भी की गई है. उन्होंने कहा कि जबतक उन्हें भारत रत्न मिल नहीं जाता तब तक युवा कलाकार प्रयासरत रहेंगे. अजीत अमन ने बताया कि भारत रत्न-2 एलबम में रतन टाटा की देशभक्ति, संघर्ष व उनकी सादगी को दिखाया गया है, जो काफी प्रेरक है. इस गीत के निर्माता नेहिश सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के चेयरमैन अवनीश श्रीवास्तव हैं, जबकि निर्देशन मनोज पांडे और गीत अमित तिवारी ने लिखा है. कार्यक्रम में संजीव चौधरी, धर्मवीर, सिंह, संतोष पांडे, अजय चौधरी, सरोज सिंह शामिल थे. वहीं कलाकार टीम में गायक अजीत अमन, मनोज पांडे, उदय साहू, रमेश लोहरा, असीम पोद्दार, मनोज श्रीवास्तव, आलोक कुमार आदि उपस्थित थे.

डॉक्टर, इंजीनियर व शिक्षक का भी योगदान
सबसे खास बात यह है कि इस एलबम के निर्माण में डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक व समाजसेवी का भी अहम योगदान रहा है. इसमें घाटशिला में पले-बढ़े बेंगलुरु के नेहिश सॉफ्टवेयर सोल्यूशन के चेयरमैन अवनीश श्रीवास्तव, उदय मूवीज के चेयरमैन उदय साहू, बारीडीह एआइडब्लूसी एकेडमी आफ एक्सीलेंस के शिक्षक आलोक राज सिंह, शहर के जानेमाने आयुर्वेदिक डॉक्टर मनीष डूडिया शामिल हैं.

सोशल मीडिया पर तेजी से हो रहा वायरल
भारत रत्न -2 एलबम जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस गीत में रतन टाटा की देशभक्ति, संघर्ष व लोगों को सेवा करते दिखाया गया है. इसके साथ ही कैंसर अस्पताल, शिक्षण संस्थान, तकनीक समेत जमशेदपुर के विभिन्न खूबसूरत जगहों को दिखाया गया है. इसके अलावा इस एलबम में शहर के जाने माने चित्रकार असीम पोद्दार द्वारा रतन टाटा की दुर्लभ क्लिप भी देखने को मिलेगी.
एलबम में काम करने वाले कलाकार
निर्माता : अवनीश श्रीवास्तव
गायक : अजीत अमन
गीत : अमित तिवारी
निर्देशक : मनोज पांडे व उदय साहू
एडिट : सूर्या साहू
संगीत : युवराज अनुभव
सहयोग :
डॉ.मनीष दुड़िया, शिक्षक आलोक राज सिंह, पोद्दार, चुनचुन मिश्र,असीम पोद्दार, विष्णु गोयल, आलोक कुमार, मनोज श्रीवास्तव, रमेश लोहरा, सूर्या सिंह हेम्ब्रम शामिल हैं.



