जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय, द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से टाटा स्टील एवं निप्पन स्टील के संयुक्त उपक्रम जेसीएपीसीपीएल के सीएसआर फंड से आयोजित 820वां नेत्र शिविर सोमवार को नेत्र रोगियों की विदाई के साथ सम्पन्न हो गया. इससे पूर्व जानेमाने नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम ने ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों की आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच की, जिसके पश्चात नेत्र रोगियों को दवा व चश्मा प्रदान किया गया. साथ ही, ऑपरेशन कराई आंखों की देखभाल की जानकारी प्रदान कर नेत्र रोगियों को विदा किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

आज नेत्र रोगियों की विदाई के वक्त रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के साथ कार्यकर्ता राकेश मिश्रा, आशीष कुमार, हीरालाल एवं श्याम कुमार प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित थे. मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी का 821वां नेत्र शिविर समाजसेवी एवं झारखण्ड प्रादेशिक गौशाला संघ के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल के संयोजन में 8 से 10 अगस्त तक बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
तुरामडीह में रेडक्रॉस का स्वास्थ्य शिविर आयोजित

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला रेड क्रॉस सोसायटी एवं यूसीआइएल के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को तुरामडीह स्थित तुरामडीह क्लब में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं. शिविर में कुल 46 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया. ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता बताई. रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से राजेश मोहन प्रसाद, राधेश्याम कुमार, मुकेश बेरा एवं अजय झा ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं यूसीआइएल की ओर से अरुण नायक, वकील हेम्ब्रम एवं सुधीर बेसरा उपस्थित रहे और शिविर के आयोजन में सहयोग प्रदान किया. आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के समीप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.




