गालूडीह : क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गालूडीह पुलिस सोमवार शाम सड़कों पर उतरी. थाना प्रभारी अंकु कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने थाना क्षेत्र में रूट मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया. पुलिस की अचानक सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश गया. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस कर्मियों ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की. संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया. थाना प्रभारी अंकु कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस लगातार क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रख रही है. असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की. रूट मार्च के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी से बाजार और प्रमुख सड़कों पर लोगों का ध्यान आकर्षित हुआ. पुलिस ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.




