जमशेदपुर : प्रसिद्ध समाजसेवी एवं रेड क्रॉस के संरक्षक स्व. चिमनलाल भालोटिया एवं उनकी धर्मपत्नी स्व द्रौपदी देवी की पुण्य स्मृति में रेड क्रॉस सोसाइटी के 685वें नेत्र शिविर का शुभारंभ बागबेड़ा राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में हुआ. द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण भालोटिया, ट्रस्टी विनीत भालोटिया, नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, समाजसेवी शिव कुमार शर्मा, रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से पेशेंट वार्ड का फीता काटकर उद्घाटन किया.

इसके पश्चात शिविर में 49 नेत्र रोगियों की आंखों की जांच नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह एवं उनके सहयोगियों की टीम ने की. इसमें 29 नेत्र रोगियों को मोतियाबिन्द ग्रस्त पाया गया. आंखों की अन्य बीमारियों से प्रभावित नेत्र रोगियों को जरूरत के अनुसार परामर्श व दवा प्रदान की गयी. रविवार को डॉ बीपी सिंह, डॉ भारती शर्मा, डॉ पूनम सिंह, डॉ विवेक केडिया एवं उनके सहयोगियों की टीम उक्त नेत्र रोगियों की आंखों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण करेगी.
रेड क्रॉस ने मुहर्रम जुलूस में लगाया सेवा शिविर
वहीं पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकर्ता शनिवार को मुहर्रम जुलूस के दौरान बिष्टुपुर मुख्य गोलचक्कर पर थाना के पास तथा साकची स्थित मोहम्डन लाइन के पास अपनी सेवाएं दीं. इसमें रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यकर्ताओं की टीम वहां तैनात हैं. जिला प्रशासन के निर्देशन में यह टीम जुलूस के दौरान सक्रिय रहेगी.



