जमशेदपुर : भारत सरकार के अंधापन निवारण अभियान के तहत उपायुक्त सह रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं जिला अंधापन निवारण समिति भारतीय प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी राजीव रंजन के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से भारत रत्न जे आर डी टाटा की 122वीं जयंती के उपलक्ष्य में जेमीपोल के सीएसआर से 25 जुलाई से 27 जुलाई तक 819वें नेत्र शिविर का आयोजन किया जाएगा. बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित होनेवाले इस नेत्र शिविर में 25 जुलाई को नेत्र रोगियों की आंखों की जांच कर मोतियाबिन्द रोगियों के चयन के साथ ही आंखों की अन्य बीमारियों से प्रभावित नेत्र रोगियों को जरूरत के अनुसार परामर्श व दवा प्रदान की जायेगी. 26 जुलाई को जांच सत्र में चयनित नेत्र रोगियों का नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा. 27 जुलाई को ऑपरेशन कराये हुए नेत्र रोगियों की आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच के पश्चात उन्हें दवा व चश्मा के साथ ऑपरेशन कराई आंखों की देखभाल की जानकारी प्रदान कर विदा किया जाएगा. पीर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से हमेशा की तरह नेत्र शिविर का आयोजन होगा. उपर्युक्त जानकारी रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने दी है.
ब्लड कंपोनेंट डोनेशन में जमशेदपुर आगे
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से रक्तदान के पश्चात आधुनिक एफेरेसिस तकनीक के माध्यम से नीड बेस्ट थेरेपी के अनुसार जरूरतमंद मरीजों को जरूरत के ब्लड कम्पोनेंट दिये जाने के नयी चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहित करते हुए रक्तदाताओं को कम्पोनेन्ट डोनेशन की ओर प्रेरित किया गया, जिसका परिणाम यह हुआ कि आज कम्पोनेंट डोनेशन के मामले में शहर में 95 प्रतिशत से अधिक स्वैच्छिक कम्पोनेंट डोनेशन संभव होता है. हाल ही में रक्त सम्बन्धी राष्ट्रीय वेबिनार में जमशेदपुर को पूरे झारखंड का एकमात्र शहर बताया गया, जहां 90 प्रतिशत के करीब स्वैच्छिक रक्तदान होता है. इसी कड़ी में कम्पोनेंट डोनेशन के 4 हजार आंकड़ा को रेड क्रॉस सोसाइटी ने 23 जुलाई को पार किया. इस सप्ताह कम्पोनेंट डोनेशन के माध्यम से प्लेटलेट्स का दान करने वाले मुख्य रूप से टाटा स्टील कर्मी राजू कुमार, अजय कुमार, अरुण कुमार सिंह, मुकेश कुमार, शशि शेखर प्रसाद शामिल थे, जिन्हें जमशेदपुर ब्लड सेंटर के माध्यम से रेड क्रॉस के एसडीपी डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह एवं उपस्थित ब्लड बैंक के पदाधिकारियों ने सम्मानित किया. इस सप्ताह टाटा स्टील कर्मी व सिक्योरिटी विभाग से जुड़े धर्मेन्द्र कुमार को 25वां रक्तदान पूरा होने पर स्मृति चिह्न प्रदान कर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के महाप्रबंधक संजय चौधरी ने सम्मानित किया. रेड क्रॉस के कम्पोनेंट डोनेशन को सफल बनाने में जमशेदपुर ब्लड सेंटर के महाप्रबंधक संजय चौधरी सहित सभी चिकित्सक व वरीय तकनिशियनों की महत्वपूर्ण भूमिका है और इस अभियान में रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकर्ता व कम्पोनेंट डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह की भूमिका कड़ियों को जोड़कर सही समय पर जरूरतमंदों को कम्पोनेंट उपलब्ध कराने की रही है. जमशेदपुर ब्लड सेंटर के प्रभारी व महाप्रबंधक संजय चौधरी ने कहा कि जमशेदपुर में रक्त की कमी को दूर करने में वीबीडीए एवं रेड क्रॉस सोसाइटी रक्तदान व रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने में कई दशकों से लगातार सक्रिय है.




