जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी तथा राम मनोहर लोहिया नेत्रालय को अंधापन निवारण अभियान के तहत निशुल्क नेत्र शिविरों के आयोजन की स्वीकृति प्रदान कर दी है। शिविर के दौरान कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन करने हेतु प्रशिक्षु डिप्टी कलक्टर स्मिता नागेशिया को नोडल अफसर बनाया गया है। नेत्र शिविरों के आयोजन हेतु जिले के सिविल सर्जन, रेड क्रॉस के सचिव तथा नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह कोर्डिनेशन का काम करेंगे। उपायुक्त सूरज कुमार ने टीएमएच के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर नेत्र शिविरों के आयोजन में सहयोग करने का अनुरोध किया किया है। नेत्र शिविर दशहरा के बाद 31 अक्टूबर से शुरु होंगे तथा प्रत्येक सप्ताह पूर्व की तरह प्रत्येक शनिवार को आंखों की जांच तथा प्रत्येक रविवार को ऑपरेशन किया जायेगा। 31 अक्टूबर को संगीता-सुनील अग्रवाल द्वारा रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी के संयोजन में सम्पन्न होगा। ज्ञातब्य है कि 17-18 अक्टूबर को भी संगीता-सुनील अग्रवाल द्वारा लॉकडाउन के प्रश्चात प्रथम नेत्र शिविर को प्रायोजित किया गया है। 7 से 9 नवम्बर तक स्व. चन्दूलाल भालोटिया के पुण्य स्मृति में नेत्र शिविर का आयोजन किया जायेगा।






