
जमशेदपुर : कभी कभी छोटी सी गलती या अपराध बड़ी सजा दिला देती है. ऐसा ही कुछ हुआ एक आरपीएफ जवान के साथ टाटानगर रेलवे स्टेशन में पदस्थापित आरपीएफ के जवान पीसी गोल्डर को आरपीएफ से सोमवार को बरखास्त कर दिया गया. उन पर आरोप है कि वह चोरी के मोबाइल का अवैध रुप से इस्तेमाल कर रहा था. उसके अलावा उसके दो और साथी जरान रमेश सिंह और चंद्रशेखर भी उसके इस काम में साथ दे रहे थे. इस कारण उन दोनों का तबादला कर दिया गया. उनकी नौकरी तो बच गयी, लेकिन विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. बताया जाता है कि राउरकेला में एक यात्री का मोबाइल चोरी हो गया था. इसको लेकर उक्त व्यक्ति ने राउरकेला आरपीएफ थाना में एफआइआर दायर की, जिसके आधार पर आरपीएफ ने सर्विलांस में मोबाइल को डाला. जब जांच की गयी तो पता चला कि मोबाइल का इस्तेमाल टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हो रहा है. इसकी जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ की टीम टाटानगर पहुंची तो सर्विलांस से मोबाइल का लोकेशन का पता लगाया गया तो मोबाइल धारक तक जब पहुंची तब पता चला कि वह आरपीएफ का ही जवान है, जो उक्त मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा था. इसके बाद यह कार्रवाई की गयी.





