जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे सुरक्षा बल का सीआइबी विंग इन दिनों टिकट दलालों पर आफत बनकर टूट रहा है. शनिवार को सीआइबी की टीम ने इंस्पेक्टर शैलेश चंद्रा के नेतृत्व में परसुडीह में टिकट दलाली का भंडाफोड़ किया गया. टीम ने परसुडीह के चांदनी चौक स्थित मंडल साइबर कैफे में धावा बोल कर 52 हजार मूल्य के ई–टिकट बरामद किये, जिसमें तीन लाइव टिकट भी शामिल थे. इस दौरान कैफे संचालक मनोज कुमार मंडल को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल भी जब्त किया गया है. टीम ने पकड़ाए टिकट दलाल को आरपीएफ टाटा पोस्ट के सुपुर्द कर दिया, जहां उसके खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी मनोज तीन यूजर आइडी का इस्तेमाल करते हुए एक साल से टिकट दलाली के धंधे में संलिप्त था. छापामार दल में इंस्पेक्टर चंद्रा के अलावा दारोगा रामबाबू सिंह, एएसआइ नागेंद्र, कॉन्स्टेबल ए रहमान व अजय गुप्ता शामिल थे.














