बो़ड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र के गुगलुबनी गांव के समीप मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे बच्चों को लेकर जा रही साउथ प्वाइंट स्कूल की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हालांकि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए. जानकारी के अनुसार बस पश्चिम बंगाल के बराबाजार से रसिकनगर, गुगलुबनी, लावजोड़ा और भूला मोड़ होते हुए पटमदा के गोबरघुसी स्थित साउथ प्वाइंट स्कूल जा रही थी. गुगलुबनी के पास अचानक चालक का बस पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस मुख्य सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी. स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है. वहीं प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक ने समय रहते बस को पलटने से बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी बच्चे, चालक या अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक घटनास्थल पर पहुंच गए. अपने बच्चों को सुरक्षित देखकर उन्होंने राहत की सांस ली, लेकिन स्कूल प्रबंधन के प्रति नाराजगी भी जताई. अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल लंबे समय से पुरानी बसों का संचालन कर रहा है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है. उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सुरक्षित और नई बस की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे. वहीं स्कूल प्रबंधन ने ब्रेक फेल होने की बात से इनकार किया है. प्रबंधन का कहना है कि बस पुरानी जरूर है, लेकिन उसकी स्थिति ठीक है. उनके अनुसार एक तेज रफ्तार बोलेरो को साइड देने के दौरान चालक ने बस को सड़क से नीचे उतारा, जहां गीली मिट्टी में बस का चक्का धंस गया. प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ.






