
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका पटमदा रविवार शाम करीब 5.30 बजे लावजोड़ा हाथीखेदा मंदिर से लौट रही एक अनियंत्रित फोर्ड कार ने बेलटांड़–रघुनाथपुर मुख्य सड़क किनारे 33 हजार वोल्ट के रेल पोल को जोरदार टक्कर मार दी. यह हादसा पटमदा थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय पटमदा, जाल्ला के पास हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे तिलाबनी फीडर और बोड़ाम प्रखंड के सभी गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई. (नीचे देखे पूरी खबर)

घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने गाड़ी सवार युवकों की पिटाई कर दी. घबराकर वे लोग मौके से भाग निकले. ग्रामीणों के मुताबिक, कार के अंदर से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं. कार सवारों को हल्की चोटें आई हैं. सूचना पाकर पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर मामले की जांच शुरू की. वहीं, बिजली विभाग के सहायक अभियंता ने लाइनमैन मोहम्मद महमूद को तत्काल घटनास्थल पर भेजकर क्षतिग्रस्त पोल की जानकारी ली. उन्होंने नया पोल लगाकर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया है. इस हादसे के कारण तिलाबनी, बोड़ाम, बेलटांड़, जाल्ला समेत आसपास के दर्जनों गांवों में अंधेरा छा गया. विभागीय सूत्रों के मुताबिक, रात्रि 12 बजे के बाद ही बिजली आपूर्ति सामान्य होने की संभावना है. घटना से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं और उन्होंने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है.














