जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित सनसाइन के सामने पांडेय कांप्लेक्स में रविवार रात रियल स्टेट कारोबारी सोनू शर्मा पर फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना रात करीब 9:30 बजे की है, जब सोनू अपने भाई दीपक कुमार और कुछ दोस्तों संग कार्यालय में बैठे थे. दीपक के अनुसार, साजन ग्रुप के करीब 30 से 40 युवक, जो कथित तौर पर शराब के नशे में थे, अचानक पहुंचे और सोनू से कहासुनी शुरू कर दी. ( नीचे देखें पूरी खबर )

विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई और इसी दौरान फायरिंग की गई. हालांकि गोली किसी को नहीं लगी, पर घटना से कार्यालय परिसर में भगदड़ मच गई. गोलीबारी के बाद हमलावर कार्यालय में तोड़फोड़ करते हुए फरार हो गए. सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस को घटनास्थल से कोई खोखा नहीं मिला, लेकिन दीवार पर गोली के निशान पाए गए हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान हो सके. ( नीचे देखें पूरी खबर )

प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. वहीं पुलिस ने आश्वस्त किया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. इधर सोनू शर्मा ने साजन मिश्रा पर 1 लाख रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है.














