जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके पटमदा के बामनी गांव के पास सोमवार शाम सड़क हादसे में घायल तीन मजदूरों में से एक की इलाज के दौरान मंगलवार को एमजीएम अस्पताल में मौत हो गई. मृतक की पहचान जोड़सा पंचायत अंतर्गत घोड़ाबांधा निवासी 37 वर्षीय राजमिस्त्री बुद्धेश्वर सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से मजदूरी कर लौट रहे कई मजदूर टाटा मैजिक की छत पर सवार थे. (नीचे भी पढ़े)

पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी गांव के समीप अचानक वाहन डगमगाने लगा. वाहन के पलटने की आशंका से घबराए मजदूरों ने चलती गाड़ी से ही छलांग लगा दी, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान बुद्धेश्वर सिंह ने दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचे परिजनों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.














