चाकुलिया : आसन्न बकरीद के मद्देनजर चाकुलिया नगर पंचायत ने स्वच्छता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए एक सराहनीय कदम उठाया है. नगर प्रशासक चंदन कुमार के निर्देश पर मुस्लिम बहुल इलाकों में जगह-जगह कंपोस्ट पिट का निर्माण किया गया है. इसका उद्देश्य बकरीद के दौरान पशुओं की कुर्बानी के समय निकलने वाले अपशिष्टों को एक स्थान पर एकत्र कर उनका निस्तारण करना है, जिससे वातावरण स्वच्छ बना रहे और किसी भी प्रकार की गंदगी या असुविधा से बचा जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
नगर पंचायत प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल सफाई व्यवस्था बनी रहेगी, बल्कि आपसी भाईचारे को भी बल मिलेगा. स्थानीय लोगों ने भी इस कदम की सराहना करते हुए नगर प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है. नगर परिषद की विशेष टीम ने अपनी निगरानी में इन कंपोस्ट पिटों का निर्माण कराया, साथ ही लोगों को जागरूक भी किया कि वे अपशिष्ट पदार्थों को इधर-उधर न फेंकें. नगर प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे साफ-सफाई में सहयोग करें एवं बकरीद शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में मनाएं.




