
चाकुलिया : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका चाकुलिया थाना क्षेत्र के नया बजार निवासी एक युवक अवैध रूप से शराब बिक्री का काम करता है. सोमवार को उक्त युवक का छोटा भाई दोपहर तीन बजे अपनी कार संख्या (जेएच05एटी 1264) से बोरा में शराब की बोतल भरकर कही डिलीवरी करने घर से निकला ही था कि गुप्त सूचना पर जमशेदपुर की आबकारी विभाग के पदाधिकारी उस कार का पीछा करना शुरू कर दिये. कार चला रहे युवक नागेश्वर सिंह ने विभाग की गाड़ी को देखकर चाकुलिया -माटिहाना मुख्य सड़क पर कार की रफ्तार बढ़ा दी. युवक ने अनियंत्रित होकर कार के सामने से जा रही दो बाइक को बारी-बारी से टक्कर मार दिया. सड़क दुर्घटना में दो महिला समेत तीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वही एक बच्चा समेत दो लोग घायल हो गए हैं.

दोनों घायल को बेहतर इलाज के लिये ग्रामीणों ने उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया है. घटना के बाद कार में सवार युवक कार को घटनास्थल पर छोड़कर किसी बाइक पर सवार होकर फरार हो गये. घटना की सूचना पाकर बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की सूचना वरीय पुलिस पदाधिकारी को दी. इसके पश्चात चाकुलिया थाना घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में कर लिया और घटना की जांच में पुलिस जुटी हुई है. सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत की सूचना पर सड़क पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और आक्रोशित लोगों ने आरोपी युवक की गिरफ्तारी और मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग करने लगे. मिली जानकारी के अनुसार मालकुंडी गांव निवासी जगत गोप (56)अपनी पत्नी सुनिता गोप (48) और नाती गोबिंद गोप के साथ अपने रिश्तेदार के घर कोलबादिया गांव जा रहे थे. दीघी गांव के पास कार की चपेट में आकर पत्नी सुनिता गोप की घटना स्थल पर ही मौत हो गई है और वे और उसके पोता गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. वही एक और बाइक पर सवार एक युवक और महिला की इस सड़क दुर्घटना में मौत हुई है.
समाचार लिखे जाने तक उक्त दोनों मृतक की पहचान नही हो पाई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. विधायक ने उपायुक्त और एसपी से दूरभाष पर बात कर अवैध शराब बिक्री और आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग की. घटना स्थल से विधायक समीर महंती सीएचसी पहुंचकर घायलों की स्वास्थ्य की जानकारी ली और डाक्टर को बेहतर इलाज करने की बात कही. विधायक ने उपायुक्त और एसपी से दूरभाष पर बात कर चाकुलिया में अवैध रूप से हो रही शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाने और दुर्घटना में शामिल कार सवार और चालक की गिरफ्तारी की मांग की है. विधायक के फोन पर बात करने के पश्चात उन्होंने अवैध शराब की बिक्री करने वाले युवक की घर पर पहुंचकर प्रशासन से घर की तलाशी लेने की बात कही जिसपर पुलिस ने आरोपी युवक के घर में तलाशी लेना शुरू कर दिया है. समाचार लिखे जाने तक घर से कुछ भी बरामद नही हुआ है.







