जमशेदपुर : बिरसा सेना ने शुक्रवार, 3 अप्रैल को देवघर मौजा निवासी कांदरा मांझी को उनकी जमीन पर दखल-कब्जा दिला दिया. ज्ञात हो कि उक्त भूमि विवाद में धनाई मुर्मू (कांदरा मुर्मू) के पक्ष में देवघर ग्राम सभा के दोनों मांझी बाबाओं तथा मांझी परगना महाल की ओर से पूर्व में ही निर्णय दिया जा चुका था, इसके बावजूद रोमन मुर्मू, उसके भाई बिसू मुर्मू तथा उनके दबंग पुत्रों द्वारा कथित रूप से बाहरी भू माफियों के साथ साठगांठ कर 1 एकड़ 25 डिसमिल भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था. (नीचे भी पढ़ें)

इस मामले में रोमन मुर्मू, बिसू मुर्मू एवं उनके पुत्र लालू मुर्मू, मनिक मुर्मू, किसू मुर्मू एवं सुनाराम मुर्मू (सिमल मुर्मू, होपोन मांझी) ग्राम सभा एवं मांझी परगना महाल के निर्णय की अवहेलना करते हुए कांदरा मुर्मू की जमीन पर जबरन कब्जा कर रहे थे. उक्त परिस्थितियों के मद्देनजर शुक्रवार को देवघर के ग्रामीणों एवं बिरसा सेना ने देवघर ग्राम सभा तथा आसनबनी तोरोप मांझी परगना महाल के निर्णय को अमल में लाते हुए कांदरा मुर्मू को उनकी भूमि पर कब्जा दिलाया. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं बिरसा सेना के केंद्रीय अध्यक्ष दिनकर कच्छप ने ज़ोर देते हुए चेतावनी दी कि यदि कोई ग्राम सभा एवं मांझी परगाना महाल के निर्णय की अवहेलना करते हुए आदिवासियों की ज़मीन पर बाहरी भूमि माफियों को बसाकर डेमोग्राफी बदलने की कोशिश करेगा तो बिरसा सेना कड़ी कार्रवाई करेगी. इस अवसर पर बिरसा सेना के केंद्रीय महासचिव दिनकर कच्छप, जमुदा, रैयत धनाई मुर्मू, सरकार मुर्मू, रेवती मुर्मू सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.














