
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका घाटशिला प्रखंड में विगत कई दिनों से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. बिजली की आंख मिचौली से क्षेत्र के जनता त्रस्त है. लचर बिजली व्यवस्था से क्षुब्द ग्रामीणों ने शुक्रवार को भाजपा के नेतृत्व में रैली निकालकर बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया. रैली में शामिल लोग बिजली विभाग होश में आओ, हेमंत सरकार होश में आओ, 10 घंटा बिजली काटना बंद करो समेत अन्य लिखित तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी कर रहे थे. भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित बिजली विभाग के खिलाफ हल्ला बोल जन आक्रोश रैली में हजारों ग्रामीण शामिल हुए. मौके पर भाजपा नेत्री सह चिकित्सक डॉ सुनीता देवदूत सोरेन ने कहा कि लचर बिजली व्यवस्था पर अगर सरकार संज्ञान में नहीं लेती है तो भाजपा एक बड़ा जन संघर्ष आंदोलन करेगी. उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था खराब रहने के कारण घाटशिला के जनता और व्यापारियों समेत अन्य सभी वर्ग के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस लचर विद्युत व्यवस्था से हमारे युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों की पढ़ाई-लिखाई में भी मुसीबतें आ रही है. उन्होंने आग्रह किया कि बिजली विभाग और सरकार जल्द से जल्द व्यवस्था में सुधार लाए. इस जन आक्रोश रैली का नेतृत्व घाटशिला मंडल अध्यक्ष राहुल पांडेय ने किया. इस मौके पर जिला अध्यक्ष सौरव चक्रवर्ती, पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश साव, जिला उपाध्यक्ष विजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल,जिला कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मला डे, मंडल उपाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, किरण कुमार समेत अन्य उपस्थित थे.




