पटना/भोपाल/अहमदाबाद : बिहार, मध्यप्रदेश एवं गुजरात के तीन विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनावों की मतगणना जारी है. बिहार के बांकीपुर में अबतक 23 राउंड के हुए मतदान के बाद जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत किशोर 13 हजार से अधिक मतों से आगे निकल गए हैं. वहीं मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में भी भाजपा प्रत्याशी पीछे चल रहे हैं, जबकि गुजरात के मांजलपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अपनी बढ़त बनाए हुए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

बिहार के बांकीपुर उपचुनाव की सोमवार सुबह शुरू हुई मतगणना में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर पहले राउंड से ही अपनी बढ़त बनाए हुए हैं और समाचार लिखे जाने तक 23 राउंड की हुई मतगणना में उनकी बढ़त बढ़ कर 13868 से अधिक हो चुकी है. बताते चलें कि बांकीपुर में 3.80 लाख से अधिक मतदाता थे, जिनमें से विगत 30 जुलाई को हुए मतदान में मात्र 34 फीसदी मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया था. क्षेत्र में 13868 से अधिक मतों की बढ़त को निर्णायक माना जा रहा है तथा बांकीपुर में प्रशांत किशोर के समर्थकों ने खुशियां मनाना शुरू भी कर दिया है. यहां मतगणना में भाजपा के प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा दूसरे स्थान पर चल रहे हैं जबकि राजद की उम्मीदवार रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर चल रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)
मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह मतगणना में आगे निकल गए हैं. यहां मतगणना के शुरुआती दौर में भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे थे, लेकिन 11 राउंड की मतगणना के बाद स्थिति बदलने लगी और समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की बढ़त 12221 मतों से भी अधिक की हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, गुजरात के मांजलपुर उपचुनाव की मतगणना में 10वें राउंड की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी सतीश पटेल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भीखाभाई रबारी से आगे चल रहे थे. 10वें राउंड की मतगणना के बाद भाजपा के सतीश पटेल को 28504 मत मिले थे, जबकि कांग्रेस के भीखाभाई को 13056 मत प्राप्त हुए थे. इस प्रकार भाजपा प्रत्याशी सतीश पटेल कांग्रेस के भीखाभाई से 15 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे थे.




