
चाकुलिया : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि मोदी सरकार किसानों की आय दुगुनी करने के लिए संकल्पित है. विगत 6 वर्षों के दौरान मोदी सरकार ने गेहूं , धान, बाजरा, तेलहन और दलहन के समर्थन मूल्यों को दुगुना किया है. केंद्र सरकार किसानों को नगदी फसल जैसे फल, फूल, सब्जी, आलू तथा प्याज की खेती करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है.डा गोस्वामी केरूकोचा हाट मैदान में भाजपा श्यामसुन्दरपुर मंडल द्वारा आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कही. बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष बाघराय मांडी ने किया. श्री गोस्वामी ने कहा कि आजादी के 74 वर्षों में 60 वर्षों तक कांग्रेस का शासन रहा है, कांग्रेस के शासनकाल में किसानों की स्थिति बदहाल हुई है. किसानों के हित के बारे में कांग्रेस ने कुछ सोचा ही नहीं. मोदी सरकार कॄषि सुधार विधेयक से किसानों को अपने उपज का बेहतर मूल्य दिलाने का कार्य कर कर रही है तो कांग्रेस विरोध जता रही है. उन्होंने कहा कि कॄषि सुधार विधेयक से झारखंड के किसान सबसे अधिक लाभान्वित होंगे. झारखंड की सब्जियां, फल और कृषि उत्पाद देश के विभिन्न स्थानों पर बिकेंगी.किसान अपने घर बैठे डिजिटल मार्केट के माध्यम से अपने उपज को अधिक मूल्य पर बेच पाएंगे. किसानों की खुशहाली से ही भारत तरक्की के शिखर पर पहुंचेगा.बैठक को भाजपा जिला महामंत्री बाप्टु साव, किसान मोर्चा के जिला संयोजक श्रीबत्स घोष, मंडल महामंत्री दुर्गा पद गिरि, मंडल महामंत्री गंगा राम हाँसदा ने भी संबोधित किया. मौके पर भवतरण गिरी, चैतन टुडू, भरत मुंडा, मो सहाबुद्दीन, दिनेस नायक, लक्ष्मण गिरी, राम टुडू, सबल गिरी, विश्वनाथ सोरेन, पटल महतो, ओम प्रकाश, गोपी नाथ हांसदा समेत अन्य उपस्थित थे.







