चाकुलिया : चाकुलिया के सीओ जयवंती देवगम ने गुरुवार की सुबह श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र स्थित चंदनपुर स्वर्णरेखा नदी घाट पर पुलिस बल के साथ छापामारी की है. इस क्रम में बालू से लदे दो ट्रैक्टर और एक 407 वाहन को जब्त किया है. तीनों वाहनों को थाना में लाया गया है. वाहनों के चालक पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर भाग निकले. अंचल अधिकारी की इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मचा है. श्यामसुंदरपुर के थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिलूम ने बताया कि तीनों वाहन थाना में लाए गए हैं वाहनों के मालिक और चालकों का पता लगाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञात हो कि प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद भी चंदनपुर स्वर्णरेखा नदी घाट से बालू माफिया द्वारा अवैध रूप से बालू का उत्खनन किया जा रहा है. इस घाट पर कई बार प्रशासन ने छापामारी अभियान चलाया और भारी मात्रा में बालू से लदे वाहनों को जब्त किया है इसके बावजूद भी बालू माफिया रात में बालू का अवैध उत्खनन कर बालू को विभिन्न वाहनों से ढोहकर बाजारों में लाकर मनमाने दर पर बेच रहें हैं. बालू माफिया द्वारा प्रशासन की नाक के नीचे से नदी घाट से बालू लोड कर बाजार लाएं जाते हैं और अवैध बालू का प्रयोग प्रखंड में चल रहे विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी योजनाओं में प्रयोग किया जा रहा है.














