
जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके मुसाबनी थाना अंतर्गत डुमरिया मेन रोड स्थित टेटा बदिया मध्य विद्यालय के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र से मंगलवार की शाम नकाबपोश अपराधियों ने पिस्तौल की नोक पर संचालक रमाई महाली से डेढ़ लाख रुपए की लूट कर ली. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. इधर रमाई महाली ने घटना की सूचना मुसाबनी थाना में दी. सूचना पाकर थाना प्रभारी संजीव कुमार झा और बैंक ऑफ इंडिया बनी शाखा प्रबंधक कालीचरण मुर्मू मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की. पुलिस अपराधियों के धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है. घटना के संबंध में संचालक रमाई महाली ने बताया कि एक बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचे. जब उन्होंने उनसे पूछा कि क्या काम है तो उन्होंने कहा कि “माल लेना है”. इसी बीच दो अपराधी ने उन्हें पकड़ लिया और एक ने ग्राहक सेवा केंद्र में रखें डेढ़ लाख रुपए निकाल लिए. भागते हुए उन्होंने लोहे की छड़ से वार भी किया जिससे उनके होंठ में चोट आई है. भागने के क्रम में उनमें से एक अपराधी का चप्पल मौके पर ही छूट गया है. महाली ने बताया कि अपराधी धोबनी गांव की ओर भागे है.





