
जमशेदपुर : आजादनगर थाना अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 14 में मंगलवार की दोपहर नमाज़ अदा कर घर लौट रहे शाबानुल हक उर्फ दानिश की हत्या के मामले में जीतेश और पंकज सिंह उर्फ बंदर का नाम सामने आ रहा है. पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में भी लिया है. पुलिस इनसे थाने में पूछताछ कर रही है. पंकज सिंह उर्फ बंदर पूर्व में भी आशीष उर्फ भूरिया पर फायरिंग का आरोपी है. सूत्रों के अनुसार पंकज ने दानिश को एक जमीन बेचने में मदद की थी. दोनों के बीच कमीशन को लेकर बकझक चल रही थी. कुछ दिनों पहले किसी ने दानिश को फोन कर रुपए की मांग की थी पर दानिश ने मना कर दिया था. इसी कारण उसकी हत्या कर दी गई. हालांकि अभी पुलिस ने अभी तक इस मामले में कुछ भी बताने से इनकार किया है. आजादनगर थाना प्रभारी विष्णु रावत के अनुसार अभी तक किसी ने इस मामले में लिखित शिकायत नहीं की है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. बता दे कि ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 26 निवासी शाबानुल हक उर्फ दानिश जब नमाज़ अदा कर अपने घर लौट रहा था तब घात लगाए बैठे दो अपराधियों ने उसे तीन गोली मार दी थी जिससे उसकी मौत हो गई.












