
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे बोड़ाम प्रखंड के चिरूडीह मोड़ स्थित विद्युत उपकेंद्र में ग्रामीणों की समस्याओं से जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी अवगत हुए. ग्रामीणों में तपन मंडल, उत्तम सहिस, धीरेन मंडल, जयचांद मंडल, संजय दास, मनीतिपा प्रमाणिक, रूपचान्द महतो आदि ने शिकायत किया कि बिजली विभाग के अधिकारी बिना चेतावनी दिए ही कनेक्शन काटकर केस दर्ज कर दिया जाता है. विधायक ने मौके पर मौजूद सहायक अभियंता अमरजीत प्रसाद से कहा कि बिजली विभाग के कोई भी अधिकारी गांव में जाकर किसी का कनेक्शन नहीं काटे और न ही उन पर केस करें. उन्होंने कहा कि गांव के लोग ईमानदारी से बिजली बिल देना चाहते हैं लेकिन व्यवस्था होनी चाहिए. विधायक के निर्देश पर ही सहायक अभियंता अमरजीत प्रसाद ने सबस्टेशन में हर महीने की 20 से 31 तारीख तक नियमित 10 बजे से ढाई बजे तक बिल कलेक्शन सेंटर को चालू रखने का आश्वासन दिया, जहां लोग बिल की राशि जमा कर पायेंगे. विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अब गांव में बिजली विभाग के अधिकारी कनेक्शन काटकर आप लोगों को अपमानित नहीं करेंगे बल्कि गांव में जाकर बकाया बिल जमा करने के लिए प्रचार-प्रसार करते हुए प्रेरित करेंगे. उन्होंने कहा कि शहर व हाइवे की किनारों पर चल रही कंपनियों में करोड़ों बकाया होने के बावजूद विभाग मौन रहती है और गरीब ग्रामीणों पर जुल्म करती है, यह बर्दाश्त नहीं की जायेगी. इस दौरान मुख्य रूप से झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, बोड़ाम प्रखंड अध्यक्ष श्यामापद महतो, सचिव छुटुलाल हांसदा, विनय मंडल, काजल सिंह, रामपद महतो, लाइनमैन पुतुल प्रमाणिक आदि मौजूद रहे.






