देवघर : देवघर के उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने हरित ग्राम योजना के अंतर्गत जिले में आम उत्पादन को प्रोत्साहन देने एवं फलों की बेहतर मार्केटिंग के प्रति किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को स्थानीय विकास भवन परिसर से एक विशेष जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर वहां के निवासियों को आम उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही फलों की बेहतर मार्केटिंग के लिए जागरूक करेगा. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय किसानों के उत्पादों को सही बाजार मुहैया करा कर उनकी आय में वृद्धि कराना है. जागरूकता रथ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को फलों की खेती, वैज्ञानिक रख-रखाव और उनके विपणन (मार्केटिंग) की महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी. (नीचे भी पढ़ें)

दीदियों के आम स्टॉलों का किया निरीक्षण
जागरूकता रथ को रवाना करने के उपरांत उप विकास आयुक्त श्री सिन्हा ने विकास भवन परिसर में ही झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के सखी मंडल की दीदियों द्वारा लगाए गए आम बिक्री स्टॉल का निरीक्षण किया. उन्होंने स्टॉल पर बिक्री के लिए रखे गए स्थानीय आमों की गुणवत्ता और पैकेजिंग की सराहना की. आगे दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में जेएसएलपीएस की यह पहल सराहनीय है. सीधे उपभोक्ताओं तक उत्पाद पहुंचने से बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और दीदियों को उनके श्रम का सीधा और उचित मूल्य प्राप्त होगा. उन्होंने जिला वासियों से भी अपील की कि वे इन स्टॉलों से खरीदारी कर स्थानीय उत्पादों और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा दें. (नीचे भी पढ़ें)

इस मौके पर जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार, जेएसएलपीएस डीपीएम सुशील दास, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के कर्मी और सखी मंडल की दीदियां उपस्थित रहे.






