
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर से सटे पीएचईडी में बीती रात एक जंगली हाथी प्रवेश कर पीएचईडी परिसर के चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया है. पीएचईडी कर्मी कार्तिक चंद्र बेहरा ने बताया की हाथी बीती रात करीब 2 बजे आया था. हाथी द्वारा चहारदीवारी तोड़े जाने से परिसर में रखें स्क्रैप का सामान चोरी होने का खतरा बढ़ गया है. ज्ञात हो कि विगत 10-15 दिनों से हवाई पट्टी क्षेत्र से निकलकर एक जंगली हाथी प्रखंड परिसर और उसके आसपास के इलाकों में उपद्रव मचा रहा हैं. यह सिलसिला पिछले 20 दिनों से जारी है. एक हाथी के रोजाना बाजार क्षेत्र में प्रवेश करने से वार्ड संख्या 10 के बाजपेई नगर कॉलोनी, नागानल कॉलोनी, स्वर्णरेखा कॉलोनी समेत अन्य क्षेत्रों के ग्रामीण काफी दहशत में है. क्षेत्र के लोगों ने बताया कि रात होते ही उन्हें हाथी का भय सताने लगता है कि ना जाने कब हाथी कहां निकल आए. हाथी के भय से ग्रामीणों काफी भयभीत हैं. (नीचे भी पढ़ें)

चाकुलिया के माकड़ी में हाथी ने वृद्ध महिला के घर को तोड़ा
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का उपद्रव बढ़ता ही जा रहा है. बीती रात बड़ामारा पंचायत के माकड़ी गांव में एक जंगली हाथी ने मालती सोरेन नामक वृद्धा के घर को तोड़ दिया है. हाथी के इस हमले में वृद्धा बाल-बाल बच गयी. हाथी ने घर को ध्वस्त कर घर में रखे बर्तन समेत अन्य सामानों को बर्बाद कर दिया है और धान भी खा गया है. सूचना मिलने के बाद गुरुवार की सुबह वनरक्षी गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. मिली जानकारी के अनुसार मालती सोरेन घर में अकेले ही रहती हैं. रात में पांच जंगली हाथी घुस आए थे. एक हाथी मालती सोरेन के घर को तोड़ने लगा, इस दौरान मालती सोरेन घर के अंदर ही सोयी थीं. घर के कोने में छिपकर उन्होंने किसी तरह हाथी से अपनी जान को बचा ली. घर को ध्वस्त कर हाथी घर में रखे सामानों को पैरों से कुचल कर बर्बाद कर दिया है. लगातार हाथियों के उत्पात से ग्रामीण काफी भयभीत हैं. ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के भय से उन्हें अब घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है. कहा कि हाथियों के कारण गांव के ग्रामीण रातजगा कर रहे हैं.











