चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की कालियाम पंचायत अंतर्गत कालियाम मोड़ से मैम क्लब फाटक तक स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य को सोमवार को पंचायत के मुखिया दासो हेम्ब्रम ग्रामीणो के साथ योजना स्थल पहुंचकर पीसीसी पथ ढलाई कार्य को बंद करवा दिया है. मौके पर मुखिया श्री हेम्ब्रम ने बताया कि उक्त सड़क निर्माण कार्य प्राक्कलन के मुताबिक संवेदक द्वारा नहीं किया जा रहा है. पीसीसी की ढलाई धूल और मिट्टी के उपर ही किए जाने के विरोध में काम को बंद कराया गया है. उन्होंने कहा कि पीसीसी ढलाई के पूर्व धुरमुस नहीं किया गया है और ना ही पानी डाला गया है ऐसे ही पीसीसी ढलाई करने से सड़क कुछ ही दिनों में टूटने लगेगा. (नीचे भी पढ़ें)
मुखिया ने कहा कि संवेदक के के बिल्डर द्वारा उक्त सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है. कार्यस्थल पर संवेदक द्वारा किसी प्रकार की सूचना पट नहीं लगाया गया है जिस कारण लोगों को योजना की पूर्ण जानकारी नहीं मिल पा रही है. इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है. मौके पर कालियाम गांव के ग्राम प्रधान सह वार्ड सदस्य हलधर महतो, ग्राम प्रधान बुलाई हेंब्रम, बैद्यनाथ महतो, जादू हांसदा समेत अन्य उपस्थित थे.



