गालूडीह: घाटशिला प्रखंड की उलदा पंचायत के हाइवे किनारे स्थित माता वैष्णो देवी धाम मंदिर में गुरुवार को नये साल पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. सुबह से शाम तक लोगों ने माता के दरबार में मत्था टेका और दर्शन-पूजन किये, अधिकतर लोगों ने मां की पूजा कर नये साल की शुरुआत की, यहां जमशेदपुर, चांडिल, जादूगोड़ा, घाटशिला, गालूडीह, धालभूमगढ़, चाकुलिया, बहरागोड़ा, मुसाबनी, डुमरिया समेत पश्चिम बंगाल के विभिन्न जगहों से आमलोग और पर्यटक पहुंचे थे. (नीचे भी पढ़े)

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग इंट्री गेट बनाये गये थे. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस दल तैनात थे. श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में चना और सूजी का हलवा बांटा गया. मंदिर में सुबह से दोपहर तक काफी भीड़ रहने से हाइवे में जाम की स्थिति रही. गाड़ियां रेंगती रहीं. हाइवे पर मंदिर से एक किमी तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही. सिंगल रोड से वाहन पार हो रहे थे. हाइवे के दोनों छोर में वाहनों की लंबी कतार दोपहर तक लगी रही. मंदिर कमेटी के सदस्य और सुरक्षा गार्ड जाम हटाते रहे.















