चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या आठ स्थित मुस्लिम बस्ती में शनिवार को लोगों ने कार्टून चोरी के आरोप में एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ा और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी की पहचान प्रखंड के कुचियाशोली गांव के विक्रम मुर्मू के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार विक्रम मुर्मू ने शनिवार की सुबह बस्ती के कलीम जावेद उर्फ पप्पू नामक व्यक्ति के कार्टून गोदाम से कार्टून चोरी कर ली और उसे पास के छोटकु टाल में बेच दिया. जब गोदाम मालिक कलीम जावेद को गोदाम से कार्टून गायब होने का पता चला तो वह कुछ ग्रामीणों और अपने स्टाफ के साथ टाल पहुंचा. जहां उन्हें चोरी किये गये कार्टून मिले. आरोपी विक्रम मुर्मू जब बेचे गए कार्टून के पैसे लेने के लिए टाल पर आया तो टाल मालिक ने इसकी सूचना कार्टून गोदाम के मालिक को दी. (नीचे भी पढ़े)
सूचना पाकर गोदाम मालिक तुरंत टाल पहुंचे और विक्रम मुर्मू को पकड़ लिया. उन्होंने आरोपी को गोदाम के बाहर रस्सी से बांध दिया और इसकी सूचना थाना प्रभारी संतोष कुमार को दी. सूचना पाकर थाना के एसआई अजीत कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. ग्रामीणों ने एसआई अजीत कुमार को बताया कि मुस्लिम बस्ती में पिछले कुछ महीनों से चोरी की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं. उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के पूर्व वार्ड मेंबर मो. गुलाब के दो खस्सी और आरिफ अंसारी की भी कुछ दिनों पहले एक खस्सी और एक बकरी चोरी हो गई थी. आरोपी विक्रम मुर्मू ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने गोदाम के पीछे से प्रवेश किया और गोदाम में रखे कार्टून की चोरी करके पास के टाल में बेच दिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है.



