चाकुलिया: शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से 27 जून को चाकुलिया टाउन हॉल में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह आशीर्वाद के संरक्षक डॉ दिनेशानंद गोस्वामी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. जिसमें समारोह को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक को संबोधित करते हुए डॉ गोस्वामी ने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान देना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प है. आज के मेधावी विद्यार्थी ही कल देश और समाज की दिशा तय करेंगे. ऐसे में उनकी मेहनत, लगन और उपलब्धियों को सम्मानित करना हम सभी का सामूहिक जिम्मेदारी है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनेक ऐसी प्रतिभाएं हैं जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर रहे हैं. इन विद्यार्थियों को सार्वजनिक मंच पर सम्मानित करने से न केवल उनका मनोबल बढ़ता है, बल्कि अन्य छात्र-छात्राओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है. उन्होंने कहा कि जब समाज अपनी प्रतिभाओं का सम्मान करता है तब एक सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर पीढ़ी का निर्माण होता है. 27 जून को आयोजित होने वाले इस प्रतिभा सम्मान समारोह में चाकुलिया प्रखंड के सभी विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं (विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय) में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा. समारोह में विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान देकर उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन किया जाएगा. (नीचे भी पढ़े)
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, मंच संचालन, विद्यार्थियों के पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. साथ ही आयोजन समिति के सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं. इस मौके चंदना मुर्मू, महादेव महतो, राजीव महापात्र, सुरेश सिंह, दिलीप महतो, चंचल मंडल ,शंकर गोस्वामी, चंन्द्रदेव महतो, पुनेन्दु महतो, तपन बेरा, मुन्ना भारती, पिन्टू मल्लिक, नवीन महतो, विजय महतो, परिमल दास, संदीप चांद, जयदेव मुर्मू, ईपी बेहरा, संजय बेरा, जितेन नायक, तुषार बेरा, नवीन महतो, राणा गोप समेत अन्य उपस्थित थे.







