गालूडीह: स्कूली शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने सोमवार को गालूडीह रिसोर्ट में पत्रकारों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की. मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि जिले के निजी स्कूलों के शुल्क निर्धारण को लेकर स्कूल और जिला स्तर पर कमेटी का गठन होगा. इसके लिए स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा सभी आयुक्त व उपायुक्त को पत्र लिखा है. पत्र में झारखंड शिक्षा न्यायाधिकरण (संशोधन) अधिनियम 2017 के आलोक में शुल्क समिति का गठन करने को कहा गया. अधिनियम के प्रावधान के अनुरूप 15 दिनों के अंदर विद्यालय स्तर पर शुल्क समिति व जिलास्तर पर जिला समिति का गठन करने को कहा गया है. सरकार की ओर से स्कूलों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है, जो स्कूल मनमानी कर रहे हैं और नियम-कानून की अनदेखी कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी. (नीचे भी पढ़े)
अगर निजी स्कूलों द्वारा कॉपी, किताब, स्कूल बैग, यूनिफॉर्म और री-एडमिशन के नाम पर फीस वसूलने के बारे में जिलास्तरीय समिति के पास कोई शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो सरकार निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि सभी हाई स्कूल एक्ससिलेन्स में परिवर्तित किया जायेगा. मॉडल स्कूल और आदर्श विद्यालय अलग से रहेगा. सरकारी स्कूलों में निजी स्कूलों जैसी सुविधाएं उपलब्ध होगी. लोगों के दिमाग से निजी स्कूलों का भ्रम टूट जायेगा. स्कूलों में सीबीएसई के पाठ्यक्रम के अनुरूप पढ़ाई शुरु होगी. साथ ही शिक्षक की कमी भी दूर होगी. मौके पर जगदीश भकत, कालीपद गोराई, दुर्गाचरण हांसदा, कान्हू सामंत, रतन महतो, वकील हेंब्रम, काजल डॉन, मंटू महतो, दुलाराम टुडू, फूलचांद टुडू, जुझार सोरेन, बादल किस्कु, सुनाराम सोरेन, शेख बदरुद्दीन, दुलाल चंद्र हांसदा, मकरंजन बिषई आदि उपस्थित थे.(नीचे भी पढ़े)
विद्यालय की कमेटी में अभिभावक और शिक्षक रहेंगे:विद्यालय स्तर पर शुल्क निर्धारण के लिए गठित कमेटी में बच्चों के अभिभावक के साथ शिक्षक भी शामिल होंगे. प्रावधान के अनुरूप निजी विद्यालय प्रबंधन द्वारा मनोनीत प्रतिनिधि कमेटी के अध्यक्ष होंगे. विद्यालय के प्राचार्य, सचिव, विद्यालय प्रबंधन द्वारा मनोनीत तीन शिक्षक व शिक्षक संघ द्वारा नामित चार माता-पिता इसके सदस्य होंगे. विद्यालय प्रबंधन को फीस निर्धारण के एजेंडा और बैठक की जानकारी एक सप्ताह पहले देना होगा. विद्यालय समिति अगर तय समय में शुल्क निर्धारण में विफल रहता है तो प्रबंधन यह प्रस्ताव जिलास्तरीय कमेटी के समक्ष रखेगा. विद्यालय में अगर पिछले वर्ष की तुलना में 10 फीसदी से अधिक फीस बढ़ोतरी की जाती है, तो भी इसको जिला कमेटी को भेजा जायेगा. वहीं, उपायुक्तों की अध्यक्षता में गठित होने वाली समिति में संबंधित सांसद और विधायक भी रहेंगे.














