चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड की कालियाम पंचायत के भुरसानी गांव निवासी भागवत सोरेन उर्फ कांदन सोरेन ने जाहेरथान की सफाई कर घर लौट रहे पुजारी डोमन सोरेन को चाकू से हमला कर दिया. इससे पुजारी डोमन सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीणों द्वारा डोमन सोरेन को बाइक से चाकुलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां डॉ संपा मन्ना घोष ने प्राथमिक उपचार किया. (नीचे भी पढ़े)
पुजारी डोमन सोरेन ने बताया कि रविवार को गांव के जाहेरथान में सरहुल पूजा का आयोजन था. इसको लेकर वे सुबह जाहेरथान की सफाई करने गए थे. सफाई कर घर लौटने के दौरान पीछे से गांव के भागवत सोरेन उर्फ कांदन सोरेन आ धमका और चाकू से हमला कर दिया. इसी दौरान भागवत सोरेन ने पुजारी डोमन सोरेन की छाती पर चाकू घोंप दिया. इस हमले से पुजारी डोमन सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गए. पुजारी डोमन सोरेन ने हमलावर से चाकू और मोबाइल छीन लिया. पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है.



