गालूडीह: बाघुड़िया पंचायत के नरसिंहपुर गांव में लगा ट्रांसफार्मर पिछले दो हफ्ते से खराब है. ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हो रही है. ग्रामीण प्रदीप बाउरी, बनमाली बाउरी, आनंद बाउरी, छूटू बाउरी, सुभानु दत्ता, किष्टो बाउरी, रमेश बाउरी, खुदीराम बाउरी, सुब्रत दत्ता, शंभु बाउरी ने बताया कि गांव में लगा ट्रांसफार्मर करीब दो हफ्ते से खराब पड़ा हुआ है और सुधि लेने वाला कोई नहीं है. ट्रांसफार्मर पूरी तरह से जवाब दे चुका है. गांव के 100 से अधिक बिजली उपभोक्ता काफी परेशान हैं. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि करीब तीन महीने पहले भी ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, लेकिन उस समय पुराने ट्रांसफार्मर को ही मरम्मत कर दोबारा लगा दिया गया. अब फिर से ट्रांसफार्मर खराब हो गया. ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव से दूर दूसरे गांव जाकर मोबाइल फोन चार्ज करना पड़ रहा है. बच्चों की पढ़ाई चौपट हो रही है. बिजली नहीं रहने के कारण गांव में पेयजल समस्या उत्पन्न हो गयी है. बारिश के बाद सांप और बिच्छू का भय बना रहता है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है.














