जमशेदपुर : अलकबीर कॉलेज के छात्र मो साहिल की विगत 15 जून को चांडिल डैम में डूबने से हुई मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है. गुरुवार को मृतक छात्र साहिल के परिजनों ने चांडिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें मृतक के साथ गए अन्य छात्रों पर हत्या का आरोप लगाया गया है. परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)

मृतक के पिता रामगढ़ जिले के बरकाकाना दुगरी बस्ती निवासी मो आजाद ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनका बेटा अच्छा तैराक था और तैरना जानता था. घटना के दिन साहिल के साथ 8 से 9 अन्य छात्र भी डैम गए थे, लेकिन केवल उसी की डूबने से मौत हुई, जो संदेह पैदा करता है. परिजनों का कहना है कि यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद जिस छात्र ने फोन कर परिवार को जानकारी दी, वह शुरू में बात को टालता रहा और फोन पर गुमराह करता रहा. समय रहते जानकारी नहीं मिलने के कारण साहिल की जान नहीं बचाई जा सकी. मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों ने आशंका जताई है कि नहाने के दौरान किसी छोटी बात को लेकर झगड़ा हुआ हो और जान बूझकर साहिल को डुबो दिया गया हो. (नीचे भी पढ़ें)
उनका कहना है कि एक तैराक लड़के का इस तरह डूबना सामान्य बात नहीं है. परिजनों ने कहा कि उन्हें पुलिस प्रशासन पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि गहन पूछताछ कर सभी छात्रों से सच्चाई सामने लाई जाएगी. उन्होंने पुलिस से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि मृतक साहिल को न्याय मिल सके. मालूम हो कि मृतक मो आजाद का इकलौता पुत्र था. वह अपने दोस्तों के साथ लॉज में रहता था. रविवार को वह अपने दोस्तों के साथ चांडिल डैम घूमने गया था, जहां नहाते समय डूब गया.














