जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम एक मजदूर के लिए जानलेवा साबित हुआ. शनिवार शाम करीब 4:30 बजे डिमना स्थित जयपाल कॉलोनी के श्री श्री मनोकामना शिव दुर्गा मंदिर के पास पीएचईडी की ओर से पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था. इसी दौरान करंट लगने से 50 वर्षीय मजदूर चेतन यादव की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे एक अन्य मजदूर अर्जुन यादव भी बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चेतन यादव पाइप उठा रहा था. उसी समय गड्ढे में जमा पानी को मोटर की सहायता से बाहर निकाला जा रहा था. आशंका है कि मोटर के बिजली के केबल से करंट पानी में फैल गया, जिससे चेतन यादव उसकी चपेट में आ गए. उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक चेतन यादव गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के पेशाम गांव के निवासी थे. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है.







