
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा और आस पास के क्षेत्रों में बालू आपूर्ति की समस्या को लेकर गुरूवार को बहरागोड़ा विधायक समीर माहंती ने रांची स्थित नेपाल हाउस में खान सचिव से मुलाकात किया. मौके पर विधायक ने कहा कि कहीं भी बालू उठाव पॉइंट नहीं है. सरकारी दिशा निर्देशनुसार मानसून की वजह से अभी तक बालूघाट का कोई लीज़ या टेंडर की व्यवस्था नहीं हो पाई है. घाटों की नीलामी नही होने के कारण क्षेत्र में बालू के अभाव में विकास योजनाएं प्रभावित हो रही है. विस क्षेत्र में कई विकास योजनाएं संचालित है जिस कारण क्षेत्र में बालू की मांग काफी है. विशेषकर प्रधानमंत्री आवास निर्माण हेतु गरीब ग्रामीणों में बालू के लिए हाहाकार मचा हुआ है.
समय पर प्रधानमंत्री आवास का कार्य पूरा करना है पर बालू की कोई व्यवस्था नहीं है जिस कारण लाभुक समय पर आवास निर्माण नही करा पा रहे हैं. बालू घाट से ट्रैक्टर में कोई बालू लाद कर लाता है तो उन पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाती है, इससे क्षेत्र में बालू की कीमत आसमान छू रहा है. बालू की कीमत बढ़ने से गरीब लाभुकों की योजना प्रभावित हो रही है. कहा कि बालू माफियाओं पर जरूर प्रशासन कार्रवाई करें पर गरीब ट्रैक्टरवाले जो दिनभर में मुश्किल से एक या दो ट्रैक्टर बालू लाते है और जिसकी आमदनी से ट्रैक्टर का क़िस्त चुकाते है, के लिए बालू घाट के लीज़ या टेंडर होने तक कोई वैकल्पिक रास्ता निकालें ताकि सुगमता से गरीबों का आवास भी बन जाए और बेरोजगारों को रोजगार भी मिल पाए. अवसर पर खान सचिव ने विधायक को आश्वस्त किया कि वे इस संबंध में जल्द ही उचित पहल करेंगे.















