
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की माटियाबांधी पंचायत स्थित गोटाशिला मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए रविवार को स्थानीय विधायक समीर महंती ने 40 मौजा के ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों के साथ जिला सचिव घनश्याम महतो की अध्यक्षता में बैठक कर चर्चा की। बैठक में मंदिर निर्माण व सौंदर्यीकरण के विषय में चर्चा की गई। विधायक ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि गोटाशिला मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए पहल हो चुकी है। जिला पर्यटन स्थल की सूची में गोटाशिला मंदिर का नाम दर्ज कराया जा चुका है, अब ग्रामीणों की इजाजत व योजना के अनुसार विकास का कार्य किया जाएगा। (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि उक्त स्थल को अगर पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाए तो क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। बैठक से पूर्व विधायक समीर महंती ने बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों को अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान ग्राम प्रधान मनिन्द्र नाथ महतो, उत्तम महतो, रंजीत महतो, श्रीमत मुर्मू, मथुर महतो, चुनाराम महतो, धीरेन महतो, खिरोद चन्द्र महतो, राजेन्द्र नाथ सिंह, जेनाराम हांसदा, समीर महतो, हर गोबिंद सिंह, कमल महतो, पिकलू महतो, परीक्षित महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे।






