
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के स्वास्थ्य केंद्र परिसर में विधायक समीर महंती ने जिला चिकित्सा पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक की. बैठक में विधायक श्री महंती ने क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर चर्चा की. मुख्य रूप से विधानसभा क्षेत्र के वैसे लगभग 70 मरीज जिन्हें डाइलेसिस के लिए जमशेदपुर जाना पड़ता है उन्हें राहत पहुंचाने और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को राहत देने के लिए इसकी सारी व्यवस्था अपने निधि से बहरागोड़ा स्वास्थ्य केंद्र मे करने की बात कही है. साथ ही पैथोलॉजिकल लेब में सारी जांच हो सके इसके लिए सारे उपकरण उपलब्ध कराने की बात कही. सभी एएनएम को फ़ील्ड में लोगों की सेवा करने की बात कही. विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग केन्द्र में सारी सुविधा मुहैया कराये, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके. बैठक में जिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एके लाल, डॉ ओपी चौधरी, झामुमो नेता आदित्य प्रधान, असित मिश्रा, अरुण बारिक, आशीष गिरि, गौतम दास, विशाल बारिक समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
















