
घाटशिला : गालूडीह महुलिया से बहरागोड़ा पश्चिम बंगाल सीमा तक निर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग फोर लेन सड़क का उदघाटन शनिवार को सांसद विद्युत वरण महतो ने नारियल फोड़ कर किया. सांसद ने कहा कि आज दिल्ली से ऑनलाइन केन्द्रीय पथ परिवहन मंत्री नितिन गड़करी और केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने ऑनलाइन सड़क का उद्घाटन किया है. मंत्री के उद्घाटन करने के पश्चात सांसद श्री महतो ने गालुडीह के महुलिया चौक पहुंचकर नारियल फोड़ कर उद्घाटन किया. सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन सड़क होने से क्षेत्र का विकास होगा. वहीं सड़क दुर्घटना पर नियंत्रण किया जा सकेगा. उन्होंने कहा कि लोगों की मांग पर उन्होंने संसद सत्र में मुद्दा को उठाकर सरकार को अवगत कराकर फोरलेन सड़क बनाने की मांग की थी, जिस पर केन्द्र सरकार ने पहल करते हुए फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति दी है. सांसद ने पीएम नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय पथ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया है. मौके पर सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष सरोज महापात्रा,पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश साव,जिला महामंत्री हाराधन सिंह,मंडल अध्यक्ष अमरदीप शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा के दिनेश शर्मा समेत अन्य उपस्थित थे.













