बोड़ाम: बोड़ाम थाना क्षेत्र के धोबनी स्थित टोला बड़दहो में एक 65 वर्षीय महिला की हत्या कर शव को पुलिया के पास फेंकने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं. पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी है. मृतका की पहचान भावी सिंह के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों में उलासी सिंह, रवनी सिंह और सोमवारी सिंह का नाम शामिल है. तीनों एक ही गांव के निवासी हैं. बताया जा रहा है कि घटना आपसी रंजिश और पुराने विवाद का नतीजा है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना 4 अगस्त की है, जब भावी सिंह सुबह घर से कुईयानी गांव जाने की बात कहकर निकली थीं. देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला. अगले दिन यानी 5 अगस्त को उनका शव बड़दहो और धोबनी के बीच पुलिया के पास पड़ा मिला. पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए शव को सुनसान जगह फेंका गया. मृतका के पति जगन्नाथ सिंह की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और परिवार में उनका एक बेटा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.



