जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह ग्वाला पट्टी में 5 अगस्त की शाम रवि यादव को गोली मारने की घटना में पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. प्राथमिकी रवि के पिता कन्हैया यादव ने दर्ज कराई है, जिसमें निहाल तिवारी, संतोष तिवारी, समीर उर्फ पाडु, रेहान खान और योगेश साहु को नामजद किया गया है. घटना शाम करीब 5:45 बजे की है जब रवि यादव ग्वाला पट्टी में मौजूद थे. उसी दौरान उपरोक्त पांचों आरोपी वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी में रवि को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए. आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
फायरिंग की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इधर, घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और एहतियातन पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.



