गुड़ाबांदा : गुड़ाबांदा प्रखंड की बालीजुड़ी पंचायत के माड़ोतुलिया गांव निवासी अभिषेक मांडी (30) की हाथी के हमले से मौत हो गई है. घटना को लेकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक मांडी अन्य दो युवकों के साथ शनिवार को बाइक से मेला देखने गया था. लौटते वक्त बाइक का पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण तीनों युवक बाइक को ठेलते हुए बालीजुड़ी पहुंचे. रात हो जाने के कारण दो युवक वहीं रुक गये और अभिषेक मांडी अकेले पेदल अपने गांव के लिए चल पड़ा. रात में हाथी के हमले में उसकी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना कब घटी, किसी को कुछ पता नहीं है. सुबह में ग्रामीणों ने शव को देखने के बाद वन विभाग और परिजनों को इसकी जानकारी दी. आस-पास हाथी के पांवों के निशान पाए गए हैं जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हाथी के हमले में उसकी मौत हुई है. घटना की सूचना पाकर वन विभाग के कर्मी घटना स्थल पहुंचे एवं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवा दिया है. वहीं घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत की स्थिति है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को गांव से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाने की मांग की है ताकि आगे कोई क्षति न हो. वहीं घटना के बाद लोगों में आक्रोश भी व्याप्त है. लोगों ने कहा कि विभाग द्वारा हाथी के आने की सूचना नहीं दी जाती है जिससे लोग अनजान रहते हैं.







