घाटशिला : जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा एवं जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू ने मंगलवार को झांटी झरना पंचायत का दौरा किया. इस दौरान तीनों स्थानीय ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने बताया कि यह पंचायत बहुत ही खूबसूरत है. यहां पर्यटन एवं रोजगार की असीम संभावनाएं हैं. उन्होंने बताया कि यहां के लोग काफी मेहनती और संघर्षशील हैं. उन्होंने कहा कि यहां के लोगों को बढ़ावा देने के लिए कृषि एवं पशुपालन का विस्तार करना अति आवश्यक है. साथ ही जीवन स्तर में सुधार के लिए यहां के लोगों को पशुधन योजना से जोड़कर पशु शेड उपलब्ध कराया जाना जरूरी है. क्षेत्र का दौरा करने के बाद वे सभी प्राचीन काशी डांगा शिव मंदिर पहुंचे जहां पूजा-अर्चना कर उन्होंने क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की.











