गालूडीह : नेशनल हाईवे 18 पर स्थित गालूडीह बस स्टैंड में यात्री शेड और शौचालय नहीं होने के कारण बस स्टैंड से आवागमन करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. स्टैंड से बस, ऑटो पकड़कर हर रोज हजारों यात्री आवागमन करते हैं. लेकिन यात्रियों को बस स्टैंड के पास स्थित अंडरपास, मिठाई दुकान, पान गुमटी, चाय दुकान इत्यादि में बैठकर सवारी वाहनों की प्रतीक्षा करना पड़ता है. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावे बस स्टैंड में पेयजल व शौचालय की व्यवस्था नहीं रहने के चलते यात्रियों को परेशानी होती है. शौचालय के अभाव में महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ता हैं. यात्री शेड समेत अन्य सुविधा ना होने के कारण यात्रियों को गर्मी, बरसात और ठंड में ठिठुरते हुए देखा जाता है. बताते चले कि एनएचएआई द्वारा निर्मित यात्री शेड और शौचालय बेकार पड़ा हुआ है. शौचालय में ताला लगा दिया गया है. गालूडीह में जिस स्थान पर यात्री शेड और शौचालय का निर्माण करवाया गया है, वहां बसें खड़ी नहीं होती है. यात्री शेड के पीछे बना शौचालय लंबे समय से बेकार पड़ा हुआ है.












