जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके कोवाली थाना क्षेत्र के बड़ा भालकी में छोटा बामुनबासा के रहने वाले 35 वर्षीय नीलकांत पात्रा की हत्या उसके भांजे हेमंत पात्रा ने की थी. नीलकंठ पात्रा का शव बड़ा भालकी में नाले में 10 जुलाई को मिला था. परिजनों ने बताया कि नीलकांत पात्रा 8 जुलाई से गायब था। 11 जुलाई को परिजनों ने कोवाली थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया. इसके बाद पुलिस ने 24 घंटे के अंदर हत्या की इस घटना का खुलासा कर दिया है. कोवाली थाना पुलिस ने इस मामले में मृतक नीलकांत पात्रा के भांजे हेमंत पात्रा को गिरफ्तार किया है. हेमंत पात्रा सरायकेला के राजनगर थाना क्षेत्र के बलरामपुर का रहने वाला है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, घटना के समय अभियुक्त द्वारा पहना गया कपड़ा, शराब की बोतल और अभियुक्त की मोटरसाइकिल जप्त की है. एसपी ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में ग्रामीण एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने घटना की जानकारी दी और हत्यारोपी की गिरफ्तारी के बारे में बताया. उन्होंने बताया कि हत्यारोपी हेमंत पात्रा ने पत्थर से कूचकर नीलकांत पात्रा की हत्या की थी. इसके पहले उसे शराब भी पिलाई गई थी. ग्रामीण एसपी ने बताया कि हत्यारोपी हेमंत पात्रा बचपन से ननिहाल में रहता था. उसके नाना ने उसे ननिहाल में ही जमीन देने की बात कही थी. इसको लेकर उसका मामा विरोध करता था. इसको लेकर उसने अपने मामा को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और उसकी हत्या की. घटना का खुलासा करने में कोवाली थाना के प्रभारी अमित कुमार रविदास के अलावा पोटका थाना के प्रभारी रविंद्र मुंडा, पुलिस अवर निरीक्षक रितेश तिग्गा, सुरेंद्र कुमार शर्मा आदि शामिल थे.







