गालूडीह : गालूडीह प्राचीन बूढ़ा बाबा शिवमंदिर और दारीसाई नवकुंज धाम मंदिर से शुक्रवार शाम गाजे-बाजे और कीर्तन मंडलियों के साथ भव्य रथ यात्रा निकाली गई. इस दौरान श्रद्धालुओं के जय जगन्नाथ के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा. गालूडीह के पुजारी विश्वमोहन चटर्जी ने विशेष पूजा अर्चना की. रथ यात्रा गालूडीह के प्राचीन बूढ़ा बाबा शिवमंदिर से निकल कर बंगालीपाड़ा, गालूडीह बाजार, रेलवे स्टेशन, हाटचाली, अंडरपास होते हुए वापस बूढ़ा बाबा मंदिर मौसी बाड़ी पहुंची. (नीचे भी पढ़ें)
दारिसाई नवकुंज मंदिर से पुजारी संजय मुखर्जी और सुखदेव दास ने विधि-विधान के साथ पूजा के पश्चात धूमधाम के साथ रथ यात्रा निकाली गई, जो खड़िया कॉलोनी, हाइवे और पुतडू गांव होते हुए वापस मौसीबाड़ी दारीसाई पहुंच कर संपन्न हुई. रथ यात्रा में आसपास के सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने भाग लिया. भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी को महिला-पुरुष खींचते चल रहे थे. इस दौरान श्रद्धालु जय जगन्नाथ के नारे भी लगाते चल रहे थे. रथ पर महाप्रभु जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा विराजमान थे. लोगों ने रथ पर प्रसाद चढ़ाया. पूजा के बाद भक्तों के बीच प्रसाद भी वितरित किया गया. मौके पर संजय मुखर्जी, सुखदेव दास, श्यामापद दास, निर्मल सिंह, गौर चंद्र सिंह, बबलू महतो, मथुर सिंह, विश्वनाथ चटर्जी, विश्वजीत पंडा, राजेश शाह, कपिल शर्मा, किरण चटर्जी, सौरव दास, प्रवीर दत्ता, राजा हलदार, प्रलय दत्ता, तमाल दत्ता आदि उपस्थित रहे. सुरक्षा में पुलिस-प्रशासन जुटा रहा.



