गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर चौक पर रविवार शाम दो कारों की टक्कर में नौ लोग घायल हो गए. घायलों में संतोष मन्ना (50) और सीता हेंब्रम (38) को गंभीर चोट लगने पर एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. जानकारी के अनुसार, ओडिशा के खोड़दा मातानी बारीपदा से नौ लोग शादी के सिलसिले में गालूडीह निवासी समीर गिरि के घर लड़की देखने आये थे. शादी की बातचीत पूरी होने के बाद सभी कार से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान जगन्नाथपुर चौक के पास डिवाइडर की ओर से आ रही कार से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद चौक पर अफरातफरी मच गई. आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला. सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सक डॉ मुगली हांसदा और सुप्रिया कुमारी ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. संतोष मन्ना के पैर में गंभीर चोट लगी है, जबकि सीता हेंब्रम की कमर में चोट आई है. दोनों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया. विनोद सिंह (47) की पीठ और पेट में चोट लगी है. बंकिम गिरि (71), शरत गिरि (81) और मिलन पात्रो (73) के हाथ-पैर में चोट आई है. अन्य घायलों में बंकिम गिरि (35), आलोक गिरि और विश्वजीत बेरा शामिल हैं. बिपिन शर्मा को परिजन इलाज के लिए ब्रह्मानंद अस्पताल ले गए. पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.




