जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा से बेताकोचा टुसू मेला गए करीब 40 लोग घर लौटते समय गुरुवार की रात करीब 8 बजे एनएच-33 पर भिलाई पहाड़ी के पास सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए. इस दर्दनाक हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे व उनके परिजन घायल हो गए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी लोग 407 वैन में सवार होकर लौट रहे थे. निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर के पास किसी कारणवश वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया, जिससे वैन असंतुलित होकर पलटने जैसी स्थिति में आ गई और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलने पर जिला पार्षद प्रतिनिधि पिंटू दत्ता घटनास्थल पर पहुंचे और एमजीएम पुलिस को घटना की जानकारी दी. उन्होंने अपने वाहन एवं पुलिस वाहन की मदद से सभी घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने छह वर्षीया बच्ची विनता मुंडा को मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

पिंटू दत्ता ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों व चिकित्सा कर्मियों की संख्या कम थी और इलाज में देरी हो रही थी. स्थिति को देखते हुए उन्होंने पूर्व विधायक सह झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षड़ंगी को सूचना दी. उनकी पहल पर उपायुक्त के निर्देश पर तुरत अतिरिक्त चिकित्सक अस्पताल पहुंचे और इलाज की व्यवस्था तेज हुई. फिलहाल कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है. सूचना पाकर देवघर पंचायत के मुखिया शशि सिंह समेत कई लोग अस्पताल पहुंचकर घायलों की सहायता में जुटे हुए हैं. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.











