जादूगोड़ा : जादूगोड़ा के भाटिन मुख्य सड़क किनारे स्थित लूगू मुर्मू जनजातीय आवासीय विद्यालय में मंगलवार को छठा वार्षिकोत्सव मनाया गया. समारोह में स्कूल के बच्चों की सांस्कृतिक नृत्य व नाटक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में धमाल कर दिया. झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू, जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज की प्रोफेसर डॉ स्वाती सोरेन, स्कूल के संस्थापक रामो सोरेन, स्कूल की अध्यक्ष सुकुरमनी, लोकसभा में ओलोचिकी के अनुवादक संजीव कुमार मुर्मू, सुरजीत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर समारोह के मुख्य अतिथि सह झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने स्कूल के संस्थापक रामो सोरेन द्वारा वर्ष 2021 से 68 अनाथ बच्चों समेत कुल, 260 बच्चों को शिक्षित करने की जिम्मेदारी लिये जाने की सराहना की तथा झारखंड सरकार से इस वित्त रहित विद्यालय को अनुदान देने की मांग उठाई. उन्होंने क्षेत्र की कंपनियों, सामाजिक संगठनों एवं टाटा फाउंडेशन से शिक्षा के इस मंदिर की लौ को बुझने नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि इस स्कूल को वे अपने स्तर से हर संभव सहयोग करेंगे. समारोह की विशिष्ट अतिथि सह कोऑपरेटिव कॉलेज की प्रोफेसर डॉ स्वाती सोरेन ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की तथा कहा कि यह पढ़ रहे बच्चे अपने मुकाम तक पहुंचेंगे. उन्होंने कहा कि वे भी बीच- बीच में स्कूल के बच्चों का मार्गदर्शन करेंगी. (नीचे भी पढ़ें)

विद्यालय के संस्थापक रामो सोरेन ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के इतिहास व संघर्ष से अवगत कराया. उन्होंने यहां से पढ़ाई पूरी करने वाले बच्चों की प्लेसमेंट की जानकारी भी जानकारी दी. इससे पूर्व मैट्रिक टॉपरों, सिंगू हांसदा, अर्जुन टुडू, सुकुरमनी हांसदा व अन्य को पुलिस एसोसियेशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू व डॉ स्वाती सोरेन ने सम्मानित कर उनकी हौसला अफजाई की. कार्यक्रम को सफल बनाने में फुलो मुर्मू, किशुन मुर्मू, रेणुका टुडू, लक्ष्मी सोरेन, राजेश्वरी उरांव, रीना माझी, जितराई सोरेन, दामू नायक, आशा बेसरा, सुरजीत सोरेन आदि ने अहम योगदान किया.




